शरीफ अंसारी
लखीमपुर खीरी। पलिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलाकलां स्थित लोहरा गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खूंखार तेंदुआ आबादी में घुस आया। तेंदुआ पिछले कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय था और अब तक दो लोगों को घायल कर चुका था, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। बताया जाता है कि सुबह खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। इस बीच ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तेंदुए को घेरकर बिना नुकसान पहुंचाए काबू में कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले ही वन विभाग को तेंदुए की मौजूदगी की सूचना दी थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा मंगाया गया है और उसे जल्द ही जंगल में छोड़ा जाएगा। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल जरूर है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए समय पर कार्रवाई की मांग की है।

