हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए बलरामपुर पुलिस ने चीनी लोनिंग एप्लिकेशन व गेमिंग बेटिंग एप के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी (यूएसडीटी) के जरिये विदेश भेजता था।पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के इक्दहरिया निवासी अबुल आस उर्फ अब्दुल आस और सुल्तानपुर जिले के मोतीगंज बाजार निवासी विनीत मिश्रा शामिल हैं। दोनों लखनऊ में ठिकाना बनाकर सक्रिय थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी चीनी लोनिंग एप जैसे उधार लोन,रूपी फैक्ट्री,क्विक लोन,क्रेडिट बी आदि के जरिये लोगों को आसान लोन देने का लालच देते थे। एप डाउनलोड करने पर पीड़ित का मोबाइल डेटा व कांटैक्ट लिस्ट हासिल कर ब्लैकमेल किया जाता था। वसूली के लिए फोन,व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर गाली-गलौज और धमकी दी जाती थी।
लोगों से वसूली गई रकम को आरोपी क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेश भेजते थे। पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार ने बताया कि गिरोह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

