बलरामपुर।जिले के थाना श्रीदत्तगंज की ग्राम पंचायत चमरूपुर भड़वाजोत की विवाहिता कंचन देवी (पत्नी रामदयाल उर्फ मेलाराम) तीन दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। गुरुवार को उसका शव थाना गैंडास बुजुर्ग क्षेत्र के ग्राम लोनियनडीह के पास सरयू नहर में उतराता मिला।
26 अगस्त को मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने और हत्या कर शव नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया। वहीं ससुराल पक्ष ने उसी दिन गुमशुदगी की तहरीर देकर मामला दर्ज कराया था।
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीदत्तगंज व गैंडास बुजुर्ग पुलिस, पीएसी टीम व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त परिजनों ने कंचन देवी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी गैंडास बुजुर्ग राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। थाना प्रभारी श्रीदत्तगंज कर्मवीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

