पश्चिमी चंपारण।जिले के बगहा में एसएसबी 65 वाहिनी के नेतृत्व में 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर आजादी का अमृत महोत्स “हर घर तिरंगा अभियान-2025” के तहत सोमवार को सहकारी प्रोजेक्ट कन्या विद्यालय, बगहा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वाहिनी कमांडेंट नन्दन सिंह मेहरा के मार्गदर्शन और सहायक सेना नायक विकास राजगुरु की उपस्थिति में “एक पत्र जवानों के नाम” पत्र लेखन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना और उन्हें राष्ट्र के जवानों के योगदान के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान छात्राओं ने भावपूर्ण शब्दों में पत्र लिखकर जवानों की वीरता, त्याग और समर्पण के प्रति आभार जताया।
कुछ छात्राओं ने तो सैन्य जीवन अपनाने और माता भारती की सेवा में स्वयं को प्रस्तुत करने का संकल्प भी व्यक्त किया। सहायक सेनानायक विकास राजगुरु ने छात्राओं के जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय ध्वज संहिता के तहत झंडा फहराने और उतारने के नियम, “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान, नशा मुक्त भारत, एक भारत श्रेष्ठ भारत तथा युवाओं खासकर महिलाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती के अवसरों की जानकारी दी। साथ ही तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड करने की अपील भी की। कार्यक्रम में 65 वाहिनी के जवानों और विद्यालय की छात्राओं ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और तिरंगे के सम्मान में देशभक्ति का माहौल बना दिया। इस आयोजन ने न केवल छात्राओं में देशप्रेम की भावना प्रबल की, बल्कि उन्हें सैनिक जीवन के महत्व और जिम्मेदारियों से भी परिचित कराया।

