हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।आजादी के अमृत काल की श्रृंखला में बुधवार को काकोरी ट्रेन एक्शन स्मृति दिवस बड़े ही भव्य एवं भावनात्मक रूप में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में काकोरी के अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में बलरामपुर सदर और तुलसीपुर क्षेत्र के विधायकों सहित जिला अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री का वर्चुअल संदेश भी छात्र-छात्राओं द्वारा सुना गया, जिसने माहौल को और भी भावुक बना दिया।
इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने अमर शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत छात्राओं ने देश की रक्षा में तत्पर सैनिकों को तिरंगा राखी बांधकर सम्मान व्यक्त किया। सैनिकों ने भी छात्राओं को उपहार देकर इस आत्मीयता का उत्तर दिया।
कार्यक्रम के पश्चात कलेक्ट्रेट से वीर विनय चौराहे तक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं आम जनमानस ने देशभक्ति नारों के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।चौराहे पहुंचकर वीर विनय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
रैली के दौरान “भारत माता की जय” “वंदे मातरम्” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा और जन-जन में देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो गई।
इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी,एसएसबी के कमांडेंट सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

