उमरी बेगमगंज,गोंडा।साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर कवच” के तहत जनपद गोंडा में भी व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपदीय पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क और जागरूक करने का प्रयास किया।
अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम सभाओं,बाजारों,बैंकों व सार्वजनिक स्थलों पर जनसभाओं का आयोजन किया गया।इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को ओटीपी फ्रॉड,फर्जी लिंक,सोशल मीडिया धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी जैसे बढ़ते साइबर अपराधों से सचेत रहने की अपील की गई।
इस दौरान आमजन को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध लिंक या अज्ञात कॉल से दूरी बनाए रखें और अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें।साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग से साइबर अपराध की शिकायत कैसे दर्ज की जाए, इस पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए कई उपयोगी सुझाव भी दिए, जिनमें सुरक्षित वेबसाइट से ऑनलाइन शॉपिंग,मजबूत पासवर्ड का प्रयोग, सोशल मीडिया पर गोपनीय जानकारी साझा न करना, तथा डिवाइस को अपडेटेड और सुरक्षित रखना शामिल है।
पुलिस का उद्देश्य है कि जिले का हर नागरिक डिजिटल रूप से सजग हो,ताकि वह साइबर अपराध की पहचान कर समय रहते खुद और दूसरों को सुरक्षित रख सके।

