गोंडा।मंगलवार की शाम लगभग 5 बजे मुख्य विकास अधिकारी अंकित जैन एवं अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र येली परसौली का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परसौली स्थित भिखारीपुर सकरोड़ा तटबंध का जायजा लिया और तटबंध की स्थिति को लेकर मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने तटबंध की मजबूती और निगरानी को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय रहते हर जरूरी कदम उठाया जाए ताकि बाढ़ से होने वाली क्षति को रोका जा सके।
इसके उपरांत अधिकारियों ने येली परसौली में स्थापित बाढ़ चौकी का निरीक्षण भी किया। वहां मौजूद कर्मचारियों से चौकी की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली गई। उन्होंने बाढ़ चौकी पर भोजन, शुद्ध पेयजल, मेडिकल सुविधा, शौचालय और रुकने की व्यवस्था की भी पड़ताल की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित या प्रभावित होने की संभावना वाले सभी गांवों में हर प्रकार की आपात व्यवस्था मुस्तैदी से होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद लोगों को समय से राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की पूरी तैयारी रखें। वहीं, मेडिकल टीम को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्रीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर हालात की जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी को भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से हर आवश्यक सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
स्थानीय प्रशासन को भी निर्देश दिए गए कि बाढ़ की स्थिति को लेकर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाढ़ चौकी स्टाफ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

