हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।थाना पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम सेमरहना में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सेमरहना मधवानगर थाना पचपेड़वा निवासी लालाराम का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व बलरामपुर निवासी एक युवती से हुआ था। वादी (मृतका के पिता) ने बताया कि शादी में अपनी हैसियत के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज दिया था। बावजूद इसके लगातार दहेज के लिए दबाव बनाया जाता रहा।दिनांक 4 जुलाई की रात को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। इस मामले में वादी की तहरीर पर थाना पचपेड़वा में मुकदमा अपराध संख्या 130/2025 धारा 80(2)/85 बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर बृजनन्दन राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए शुक्रवार को ग्राम सेमरहना से वांछित अभियुक्त लालाराम पुत्र हग्गन (25 वर्ष),उसके पिता हग्गन पुत्र चिनके (52 वर्ष) व माता सोनपती पत्नी हग्गन (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

