उतरौला,बलरामपुर।बुधवार को विधायक राम प्रताप वर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला में तीन प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, बाल स्वास्थ्य एवं पोषण माह का उद्घाटन एवं परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि“यह केंद्र गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को किफायती दरों पर गुणवत्ता युक्त दवाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि देश का हर नागरिक सस्ती और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सके।”
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. सीपी सिंह ने कहा कि“जन औषधि केंद्र के संचालन से मरीजों को बाजार मूल्य से 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाएं मिलेंगी। वहीं बाल स्वास्थ्य एवं पोषण माह के तहत बच्चों की स्क्रीनिंग,टीकाकरण, पोषण परामर्श आदि सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।”
इस बहुआयामी कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसके माध्यम से परिसर में कई छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। विधायक ने कहा कि“स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है, और वृक्षारोपण इसी दिशा में एक छोटा लेकिन प्रभावी प्रयास है।”
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विजय किशोर तिवारी, बीसीपीएम अरुण कुमार, बीएमसी अजय कुमार मिश्रा, एनएमए आशुतोष कुमार उपाध्याय सहित चिकित्सालय के कई अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम जनस्वास्थ्य, पोषण, और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जो क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य सशक्तिकरण में सहायक सिद्ध होगा।

