मुश्ताक अहमद
गोंडा।रात में ओस भरी सर्द और दिन की गर्मी। यह बीमारियों का सौगात वाला बेदर्द मौसम कहर ढा रहा है। चारों ओर संक्रमण व अन्य रोगों ने फन काढ़ रखा है।
डाक्टरों ने संक्रमण से बचाव को ही रोग से दूर रहने को बताया है। वजह कि इस समय उमस भरी गर्मी और रात की सर्दियों का संगम वायरल फीवर और टाईफाइड, डायरिया व पीलिया जैसे रोगों का खास कारण बनता जा रहा है। मौजूदा समय में इलाके के चिकित्सक प्रतिष्ठानों पर नजर डालें तो इन रोगों के रोगियों की संख्या में काफी इजाफा देखा जा सकता है। नूर हेल्थ केयर के चिकित्सक डा० रियाजुद्दीन की सलाह काबिलेगौर है। उन्होंने इस दो रंगे मौसम के प्रभाव से लोगों को बचने की नसीहत दी है।
क्या करें
डा० रियाजुद्दीन का कहना है कि इस तरह के मौसम में अनेक तरह की सावधानियां बरतनें की आवश्यकता है। संक्रमण जन्य बीमारियों से बचाव के लिए कहा कि पानी उबालकर ठंडा होने के बाद पिएं। इसके अतिरिक्त खुली हवा में रखी खाद्य वस्तुओं से दूर रहना चाहिए। शिकायत पर तुरंत डाक्टर से सलाह लें।
इन बीमारियों का है खतरा
खांसी, जुकाम, बुखार, टाईफाइड, पीलिया, कालरा, डायरिया, तेज पेट दर्द, त्वचा और आंखों के रोग इस समय प्रायः उभरते हैं।
इनसे करें परहेज
संक्रमण जन्य रोगियों के संपर्क में न रहें।
धूप में काम पर से लौटकर तुरंत न नहाएं।
तेज धूप में बिना चश्में व छाते के न जाएं।
दुकानों में बिक रही दर्द निवारक गोलियां न लें, बीमारी की दशा में डाक्टर से सलाह लें।
बासी भोजन न करें।
संक्रमण जन्य रोगियों को भी साफ सुथरा रखें।
गंदे कपड़े को पुनः इस्तेमाल न करें।

