रियाजुद्दीन
नवाबगंज,गोडा।भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही तड़प तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय राहगीरों और मौके पर पहुंची पुलिस ने ज़ख्मियों को अस्पताल पहुंचाया। जहां स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद बस्ती से तीन लोग बैजनाथ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

सोमवार की सुबह अपने घर से तीनों लोग बाइक के जरिए नवाबगंज के रास्ते मनकापुर स्टेशन ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे। तभी मनकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऊँट घाट जंगल के पास बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। जिसमें बाइक चालक बजरंग लाल पुत्र राम प्रताप निवासी ग्राम अइलहवा, कुसमौर डीह जिला बस्ती की मौके पर मौत हो गई। जबकि अंकित पांडे पुत्र बजरंग आयु 18 वर्ष और मृतक बजरंग के जीजा कमलेश पांडे निवासी जमोलिया थाना परशुरामपुर जिला बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुनीता नवाबगंज अस्पताल परिसर में दहाड़े मार कर रोने लगी। नवाबगंज पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।


