रियाजुद्दीन
नवाबगंज,गोंडा।नागरिक संगम जनमानस से सीधा संवाद करके उनकी समस्याओं का त्वरित निदान करने का एक माध्यम है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी गोंडा नेहा शर्मा ने नवाबगंज के कन्या इंटर कॉलेज में नागरिक संगम संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता की। बैठक में नगर पालिका ने अपने 25 वार्डों में पिछले एक माह में कराए गए 50 विकास कार्यों का विवरण जिला अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। विकास कार्यों से प्रफुलित जिला अधिकारी ने नगर पालिका अध्यक्ष सहित पूरी टीम की सराहना की।

संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने नवाबगंज को जनपद गोंडा का मुख्य प्रवेश द्वार बताया। अयोध्या धाम की ओर से जनपद में प्रवेश करने पर नवाबगंज जनपद का मुख्य प्रवेश द्वार है। जिसे स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। डीएम के संवाद कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिसका संबंधित अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र लेने के बाद समस्या का तत्काल प्रभाव से निस्तारण करने का भरपूर प्रयास किया। संवाद कार्यक्रम में नगरीय पेयजल, बाधित वाटर सप्लाई, दूषित जल, छुट्टा मवेशी, एंटी रैबीज इंजेक्शन का मुद्दा भी उठाया गया। जिस पर जिला अधिकारी ने सभी समस्याओं का निस्तारण करने के लिए संबंधित विभाग की अधिकारियों को निर्देशित किया। संवाद कार्यक्रम में डूडा, विद्युत, चिकित्सा, शिक्षा, राजस्व सहित स्थानीय जिम्मेदार अफसर, वार्ड मेंबर, सम्मानित नागरिक और सैकड़ो फरियादी मौजूद रहे।

