लखनऊ।विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर मंगलवार को अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई।प्रवर्तन टीम ने मोहनलालगंज,चिनहट,सैरपुर और मड़ियांव में अवैध निर्माणों और प्लाटिंग को ध्वस्त किया और सील किया।मोहनलालगंज के हरकंशगढ़ी में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्राधिकरण ने न्यायालय के आदेश पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया,जिसमें अवैध कालोनी के तहत विकसित की गई सड़क, नाली,बाउण्ड्रीवॉल और साइट ऑफिस को भी ध्वस्त कर दिया गया।इसके अलावा,चिनहट में 12 निर्माणाधीन रो-हाउस भवनों और सैरपुर व मड़ियांव में तीन व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को सील किया गया। ये सभी निर्माण बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत किए किए जा रहे थे, और न्यायालय ने इन निर्माणों को सील करने के आदेश दिए थे।प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि मोहनलालगंज के हरकंशगढ़ी में अवैध प्लाटिंग और सैरपुर व मड़ियांव में व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के सहयोग से सभी अवैध निर्माणों को सील और ध्वस्त किया।लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की योजना है ताकि शहर में अवैध निर्माणों पर काबू पाया जा सके और प्राधिकरण के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

