गोण्डा।खोड़ारे थाना क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर में मंगलवार की सुबह खेत की जोताई करते समय एक बारह वर्षीय किशोर रोटावेटर की चपेट में आ गया।रोटावेटर में फंसकर किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
खोड़ारे थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव निवासिनी सिरमिला देवी मंगलवार की सुबह अपने खेत की ट्रैक्टर रोटावेटर से जोताई करा रही थी। उसके साथ उसका 12 साल का बेटा राज भी था। जोताई के दौरान राज पीछे से रोटावेटर पर चढ़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह रोटावेटर के बीच जा गिरा। रोटावेटर में फंसकर राज की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गयी। अल्लीपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुकेश महतो के मुताबिक सुबह सिरमिला देवी पत्नी स्वर्गीय झीन मौर्या ने अपने खेत में लेवा कराने के लिए बाहर से ट्रैक्टर बुलाया था। ट्रैक्टर चालक रोटावेटर से खेत का लेवा कर रहा था उसी बीच सिरमिला का बेटा राज का पैर फिसलने से रोटावेटर के नीचे चला गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मुकेश महतो ने बताया कि मृतक किशोर का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। घटना के बाद मां का रो- रो कर बुरा हाल है। किशोर की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है।

