गोंडा।सोमवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ डीएम ने हरी झंडी दिखाकर की। जिले के लोगों को जागरूक करने के लिए गांधीपार्क से एससीपीएम कालेज की छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। डीएम व सीडीओ, सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह अभियान पूरे जुलाई माह तक चलेगा। और स्वास्थ्य टीम घर- घर जाकर लोगों को जागरुक करने का काम करेगी।

गांधी पार्क से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ करते हुए डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि जल जनित बीमारियों की रोकथाम व उससे निजात पाने के लिए लोगों को खुद सजग रहना होगा। इससे निजात पाने के लोगों को अपने घरों के आसपास जलभराव न होने दें। पानी भरे हुए स्थान पर मिट्टी डाल दें। जिससे मच्छरों को पनपने का मौका न दें। जिससे यह रोग नियंत्रित हो सकता है। डीएम ने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा पंचायती राज विभाग, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, उद्यान और सूचना विभाग को शामिल किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
सीएमओ ने बताया कि जिले में संचारी रोग नियंत्रण माह एक से 31 जुलाई तक एवं 17 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता सावधानी रखते हुए लोगों को मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनिया, फाइलेरिया, टीबी से बचाव के बारे में बेहतर तरीके से जागरूक करेंगे। संचारी रोगों के रोकथाम को लेकर शनिवार को आयोजित जागरुकता रैली को रवाना करने से पहले डीएम ने सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों को स्वच्छता अपनाने की शपथ भी दिलायी। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ अधिशासी अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
11 से 31 तक चलेगा अभियान
सीएमओ ने कहा कि इसी बीच 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान के तहत क्षय रोगियों को भी खोजा जाएगा, जिसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर टीबी के संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। इसके अलावा लंबे समय से बुखार, खांसी जैसे लक्षणों वाले मरीजों के बारे में भी जानकारी लेंगी।उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा जाएगा। आशा कार्यकर्ता मौसमी बीमारियों से बचाव और उसके इलाज के बारे में भी जानकारी देंगी। दस्तक अभियान के दौरान घर-घर टीबी के संभावित मरीजों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी। क्षय रोग के लक्षण वाले किसी व्यक्ति की सूचना प्राप्त होने पर उस व्यक्ति का नाम पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण क्षेत्रीय एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय पर उपलब्ध कराएंगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० रश्मि वर्मा, डॉक्टर सीके वर्मा, एसीएमओ डॉक्टर जयगोविंद मौजूद रहे।

