बभनजोत,गोंडा।वन रेंज सादुल्लाह नगर अंतर्गत थाना खोड़ारे के चारों हल्को मे अवैध कटान तेजी से किया जा रहा है। हर सप्ताह सैकड़ो से ज्यादा हरे पेड़ काट दिए जाते हैं। जिस पर न तो वन विभाग और न ही पुलिस प्रशासन अंकुश लगा पा रहा है। बाग अब वीरान होते जा रहे हैं। कुछ आर्थिक लाभ के कारण क्षेत्र में हरे पेड़ों का कटान जारी है। यही नहीं क्षेत्र में अवैध दर्जनों आरा मशीन क्षेत्रीय वन अधिकारी व इलाकाई पुलिस की सह पर चलाया जा रहा है।पेड़ों की लगातार कटान से जहां पक्षियों का गान तक शांत हो गया,वहीं गौरैया विलुप्त हो गई है।अब आम जीवों की भी बारी आ चुकी है। वन विभाग कान में उंगली डाल रखी है। पर्यावरण के जानकारों की माने तो पेड़ों की अंधाधुंध कटान से वातावरण में प्रदूषण घुलता जा रहा है। यदि समय रहते न चेता गया तो वह दिन दूर नहीं कि सांस लेने के लिए भी लोग आक्सीजन को तरस उठेंगे।
खोड़ारे थानाक्षेत्र के केशवनगर ग्रंट भिरवा सलामतडीह मे लगभग चार दर्जन सागौन के पेड़,राम अजोरडीह मे दो दर्जन सागौन के पेड़ व विभिन्न मजरो मे हरे आम का पेड़ दिनदहाड़े काटा जा रहा है। जब की हरियाली को लेकर जिले के आला अधिकारी काफी सख्त है। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि जिस तरह से हरियाली का गला घोंटा जा रहा है आने वाले समय में गंभीर समस्या पैदा हो जाएगी। वन विभाग को यदि कोई शिकायत करता है तो कटे हुए दर्जनों पेड़ो में से कुछ पेड़ों का चालान कर प्रकरण का इतिश्री कर लिया जाता है। इस संबंध मे वन विभाग के भवसूरत यादव से बात की गई तो कहा कि मामला संज्ञान में है। प्रभारी निरीक्षक खोड़ारे मनोज पाठक ने बताया कि पेड़ कटान का प्रकरण संज्ञान में नहीं है।

