इटियाथोक,गोण्डा।गोंडा-बलरामपुर हाईवे पर स्थित विसुही नदी के पास सड़क किनारे खड़े दंपति को बीती देर रात तेज रफ्तार कार ने जोरदार ठोकर मार दी। इस हादसे में दंपति व उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज गोंडा भिजवाया जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं पति व बेटे का इलाज चल रहा है।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस नें अज्ञात कार चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इटियाथोक थाना क्षेत्र के परना बगुलहा गांव निवासी शिवशंकर पांडेय पुत्र चिंताराम पांडेय द्वारा दी गई तहरीर में लिखा है कि बृहस्पतिवार की रात्रि 11 बजे के करीब दामाद दिनेश कुमार शुक्ला बाइक से बेटी उषा शुक्ला व नाती रन्नौ उर्फ प्रशांत शुक्ला के साथ अपने घर भवानीपुर खुर्द जा रहे थे। अभी इटियाथोक कस्बे में पहुंचा ही था कि गोंडा-बलरामपुर हाईवे के बाएं किनारे बाइक खड़ी कर राज स्टूडियो के मालिक अटल बिहारी पांडेय से बातचीत करने में मशगूल था। उसी दरम्यान बलरामपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार मारुति कार नें दामाद,बेटी,नाती व बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दामाद दिनेश कुमार शुक्ला, बेटी उषा शुक्ला व नाती रन्नौ उर्फ प्रशांत शुक्ला गंभीर रूप से चोटिल हो गए। और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद तेज रफ्तार अनियंत्रित कार बगल स्थित दुकान के शटर में घुस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज गोंडा भिजवाया। जहां इलाज के दौरान बेटी उषा शुक्ला की मौत हो गई। वहीं नाती व दामाद का इलाज चल रहा है। अपराध निरीक्षक रामाशंकर राय ने बताया कि घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालक की खोजबीन की जा रही है।

