बनारसी मौर्या/राकेश सागर
नवाबगंज,गोंडा।थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी व्यक्ति ने दहेज न दे पाने पर शादी से इनकार करने वाले विपक्षीयों के खिलाफ एसपी से शिकायत की थी। जिनके निर्देश पर नवाबगंज पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी व्यक्ति ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि उसने अपनी लड़की की शादी छः माह पूर्व बसंत कुमार निषाद निवासी भोपतपुर के साथ तय किया था। वरीक्षा के बाद आठ मार्च को शादी होनी निश्चित हुई। तारीख निश्चित होने के बाद प्रार्थी तयारी में लग गया। निमंत्रण बाँट दिए और सब सामान व टेंट कारीगर भी बुक कर लिए। किन्तु 28 फरवरी को बसंत ने तय शुदा दान उपहार के अतिरिक्त दो लाख रूपये व चार पहिया वाहन की मांग की। जिसपर प्रार्थी ने असमर्थता जताई तो विपक्षी द्वारा शादी करने से मना कर दिया गया। प्रार्थी ने विपक्षी के घर जाकर ऐसा न करने को लेकर निवेदन किया किन्तु एक भी अनुनय विनय स्वीकार नहीं किया गया। तब उसने थाने पर शिकायत की किन्तु कई मामलों में हीला हवाली करने वाली नवाबगंज पुलिस ने अपनी पुरानी कार्यशैली दोहराते हुए कोई सुनवाई नहीं की। तब पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए मामले से अवगत कराया। शुक्रवार को एसपी के निर्देश पर नवाबगंज पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

