गोंडा। नगर कोतवाली के सर्कुलर रोड स्थित नारायण हॉस्पिटल में काम करने वाले नर्सिंग सहायक अंकित तिवारी हत्याकांड का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के पंद्रह दिन बीतने के बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित छात्र पंचायत ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर कर दिया है।
छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय का आरोप है कि अंकित तिवारी की निर्मम हत्याकांड में नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार नहीं कर रही है। शिवम ने कहा कि आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी न होने तक यह धरना जारी रहेगा।
नगर कोतवाली गोण्डा क्षेत्र के सर्कुलर रोड स्थित नारायण हॉस्पिटल में काम करने वाले नर्सिंग सहायक अंकित तिवारी की 25 जनवरी को बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और उसका शव सतईपुरवा गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंकित के शरीर पर चोट के 14 निशान पाए गए थे। मृतक के परिजनों ने नारायण हॉस्पिटल के संचालक डाक्टर दीपक सिंह पर हत्या का आरोप लगाते हुए जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के लिये एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें लगाई गयी हैं। पुलिस की फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की छानबीन कर चुकी है और खून के नमूने एकत्र कर लैब भेजा गया है। स्टेट मेडिको लीगल टीम के विशेषज्ञ भी घटना की सीन रिक्रेयशन कर चुके हैं, लेकिन यह जांच अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस जांच की बात कहकर परिजनों को टरका रही है। घटना के 15 दिन बाद तक आरोपी डाक्टर की गिरफ्तारी न होने से लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस की शिथिलता पर परिजन का भी आक्रोश बढ रहा है। वहीं हत्यारोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छात्र पंचायत ने सोमवार से धरना शुरू कर दिया है। जिला पंचायत के टिन शेड में आयोजित इस धरने में मृतक अंकित के परिवार के लोग भी शामिल हुए। छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर हत्यारोपी डॉक्टर को बचा रही है। शिवम ने कहा कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक छात्र पंचायत का यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

