कर्नलगंज,गोण्डा। स्थानीय कोतवाली अन्तर्गत गोंडा-लखनऊ रेल खंड पर मैजापुर के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत विक्षत शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला है। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर पहुंची हलधरमऊ चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे मोर्चरी में रखवा दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार की देर रात सूचना मिली कि गोण्डा कचहरी खंड डाउन लाइन 672/10 किमी पर एक व्यक्ति की ट्रेन दुर्घटना में मौत हो गयी है। इस सूचना पर तत्काल हलधरमऊ चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा गया। ट्रेन की चपेट में आने से मृतक का शव क्षत विक्षत हालत में था और शव के टुकड़े रेल ट्रैक पर बिखरे पड़े थे। कपड़े भी चीथड़े में तब्दील हो चुके थे। इसलिए मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव का पंचनामा भरकर उसे मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक के शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

