यू.पी. लाइव टाइम – अतीक़ राईन
गोण्डा।जनपद में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित स्वास्तिक रेस्टोरेंट में शनिवार की देर रात नशे में धुत अराजक तत्वों ने सरेआम दबंगई का नंगा नाच किया। घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें दबंगों की गुंडई साफ नजर आ रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दबंगों ने रेस्टोरेंट में खाना खा रहे लोगों से अभद्र भाषा और बदसलूकी शुरू की। इसके बाद वे सीधे काउंटर पर बैठे होटल मालिक/मैनेजर से भिड़ गए। बात बढ़ते ही दबंगों ने काउंटर और उस पर रखा सारा सामान तोड़ दिया, जिससे पूरे रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दबंग मौके से फरार हो गए।

पीड़ित रेस्टोरेंट मालिक ने मामले की कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी 24 जनवरी रात करीब 11:30 बजे नशे में धुत होकर आए और होटल पर बैठे हुए ग्राहकों एवं उनके छोटे भाई योगेश को आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए तेज आवाज में चिल्लाने लगे और बदतमीजी करने लगे। गाली-गलौज की मैनेजर को गोली मारने की धमकी दी और जमकर तोड़फोड़ की।
घटना के बाद नगर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अराजक तत्वों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन बड़ा सवाल है क्या गोण्डा में अब दबंगों को कानून का कोई डर नहीं? क्या रेस्टोरेंट, बाजार और सार्वजनिक स्थान अब सुरक्षित नहीं रहे? स्थानीय लोगों में घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में तुरंत और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो दबंगों के हौसले और बुलंद होंगे और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस करेगा। अब देखना यह है कि नगर पुलिस कब तक आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाती है, या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

