उतरौला,बलरामपुर।शनिवार को थाना गैड़ास बुजुर्ग परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने जनसुनवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्राप्त शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में आए फरियादियों ने भूमि विवाद,दबंगई,आपराधिक घटनाओं और पारिवारिक समस्याओं से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।अपर पुलिस अधीक्षक ने हर शिकायत पर विस्तार से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों से मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने थाना प्रभारी सहित उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को टालने या रुटीन की तरह लेने की प्रवृत्ति छोड़नी होगी,और हर केस को न्यायोचित तरीके से समयबद्ध निस्तारित करना अनिवार्य है।जिन मामलों का निस्तारण थाने स्तर से संभव नहीं है,उन्हें तत्काल रिपोर्ट संलग्न कर उच्चाधिकारी स्तर पर भेजा जाए,ताकि समाधान में अनावश्यक देरी न हो।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता को थाने में ही त्वरित न्याय मिले और इसके लिए समाधान दिवस एक बेहद कारगर माध्यम है।इसमें लापरवाही या अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष गैड़ास बुजुर्ग सहित उपनिरीक्षक,राजस्व निरीक्षक,लेखपाल,बीट कांस्टेबल और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।ग्रामीणों और फरियादियों ने भी इस मौके पर अधिकारियों को अपनी समस्याएं खुलकर बताईं।समाधान दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

