गौनाहा। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के सहोदरा थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ गांव के एक घर में घुस कर एक बकरी शिकार बना लिया। प्रदीप चौधरी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सोए हुए थे। आधी रात में अचानक जानवरों की बेचैनी और शोर सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर निकल कर देखा तो एक तेंदुआ आंगन में मौजूद था, जो झपट्टा मारकर एक बकरी को अपना शिकार बनाया और जंगल की ओर चल दिया। इधर सूचना मिलते ही पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल कायम हो गया। ग्रामीण रातभर जगे। और सुबह वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर जमुनिया फॉरेस्टर रूपा सिंह अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का निरीक्षण किया। फॉरेस्टर रूपा सिंह ने बताया कि घटना स्थल तेंदुए के पगचिन्ह पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह घटना तेंदुए की ही है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि तेंदुआ जंगल की दिशा से गांव में आया था।
वहीं ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार यह पहली बार नहीं है जब तेंदुए की मौजूदगी देखी गई हो। पिछले कुछ महीनों में कई बार जंगल के किनारे तेंदुए की आवाजें सुनी गई हैं, लेकिन इस बार वह सीधे घर में घुस आया, जिससे लोग बेहद डरे हुए हैं। गांव वालों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने, गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फॉरेस्टर ने बताया कि प्रभावित परिवार की ओर से आवेदन मिलने पर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।

