कटरा बाजार,गोण्डा।मामूली विवाद को लेकर सड़क का निर्माण अधर में है। लोगों को हो रही है दिक्कतें। कटरा बाजार विकासखंड की ग्राम पंचायत कोटिया मदारा के मजरे होला पुरवा में सड़क निर्माण का विवाद गहराता जा रहा है। यहां के निवासी तपन कुमार सिंह ने खंड विकास अधिकारी को पत्र दिया है।

दिये गये पत्र में मांग की है कि सामुदायिक शौचालय से जीवनलाल के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण की मांग की है। उनका आरोप है कि यह सड़क पिछले वर्ष की कार्य योजना में स्वीकृत थी, लेकिन कुछ विवाद के चलते ग्राम प्रधान और सचिव इसे बनवाने से कन्नी काट रहे हैं। तपन कुमार सिंह ने खंड विकास अधिकारी को दिए पत्र में ग्राम प्रधान व सचिव पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में अन्य कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन इस सड़क को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह भेदभाव पूर्ण रूप से अनुचित और संविधान के मूलभूत अधिकारों का उल्लंघन है।
तपन कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। गांव के मुख्य मार्ग से उनके घर तक पहुंचने के लिए कोई पक्की सड़क न होने से आवागमन में काफी कठिनाइयां होती है। खराब रास्ते के कारण उन्हें अस्पताल ले जाना भी मुश्किल होता है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले में जल्द से जल्द संज्ञान लिया जाए और सड़क का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
गांव के तमाम लोगों ने भी इस मामले पर नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन जल्द ही इस मामले पर कोई ठोस कदम नहीं उठाता है, तो वे विकास खंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने और उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है, और ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस पर गंभीरता से विचार करेगा। अगर समय रहते सड़क का निर्माण नहीं हुआ, तो यह मामला बड़े स्तर पर उठ सकता है।

