लखनऊ।भारत की शाश्वत आध्यात्मिक विरासत और लोक आस्था का महापर्व महाकुम्भ 2025 में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द और प्रख्यात कवि डॉ० कुमार विश्वास ने उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के साथ त्रिवेणी संगम में पुण्य की डुबकी लगाई। मंत्री नन्दी ने संगम घाट पर पूर्व राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया, वहीं डॉ. कुमार विश्वास ने मां गंगा का जयकारा लगाते हुए और श्री राम धुन गुनगुनाते हुए स्नान किया।पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने अपनी पत्नी और पुत्री के साथ संगम की पवित्र जलधारा में डुबकी लगाई, जहां औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने उनका साथ दिया। स्नान के बाद पूर्व राष्ट्रपति ने मंत्रोच्चारण के बीच मां गंगा, यमुना और अदृष्य सरस्वती की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने महाकुम्भ के आयोजन और व्यवस्थाओं की सराहना की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए, पूर्व राष्ट्रपति ने “वन नेशन वन इलेक्शन” के महत्व पर भी बात की, जिसे उन्होंने देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में बताया। स्नान के बाद, वे नन्दी सेवा संस्थान के शिविर में पहुंचे, जहां उन्होंने शिविर का उद्घाटन किया और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने उनका स्वागत किया।प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने भी वीआईपी घाट पर स्नान किया और गंगा की महिमा का गुणगान करते हुए “ये गंगा का किनारा है” गुनगुनाया। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ के इस आध्यात्मिक अनुभव से भारत के विश्व गुरु बनने की दिशा में मार्ग प्रशस्त होगा। कुमार विश्वास ने महाकुम्भ को सर्वजन हिताय आयोजन बताते हुए सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपनी टिप्पणियां बंद कर मां गंगा की जलधारा में डुबकी लगाएं।

