इक़बाल शाह
गोण्डा।जिले की गन्ना मीलों में कार्य कर रहे मजदूरों की मजदूरी को लेकर इंदिरा युवा वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव शैलेन्द्र सिंह ने उपश्रमायुक्त देवीपाटन मंडल को एक ज्ञापन सौंप अपनी मांग रखी। जिसमें मजदूरों से संबंधित उनके देय वेतन व बोनस पर आवाज उठाई है।
शनिवार को जिले में इंदिरा युवा वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव ने पत्र के माध्यम से उपश्रमायुक्त देवीपाटन मंडल से अपनी बात रखी है। पत्र में कहा गया है कि जिले की चीनी मिलों में बलरामपुर चीनी मिल के समूह की बभनान दतौली चीनी मिल एंव मैजापुर व बजाज चीनी मिल कुंदुरखी और डिस्टलरियो में कार्यरत मजदूर कर्मचारियों के साथ अत्यधिक आर्थिक शोषण किया जा रहा है। राष्ट्रीय सचिव का कहना है कि मजदूर संगठनों व कारखानों में पंजीकृत मजदूर यूनियनों ने कई बार अपनी बात को लेकर मांग रखी। लेकिन विभाग की तरफ से कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है चीनी मिलो व विभिन्न गन्ना तौल केंद्रों पर कार्यरत कामगारों को शुगर बेसबोर्ड से आच्छादित करते हुए उनके देय वेतन की दरों का निर्धारण किया गया है तथा समय समय पर मंहगाई भत्ते का भुगतान भी आपके माध्यम से सुनिश्चित करने का निर्देश शासन द्वारा दिया गया है। लेकिन विभाग की उदासीनता के चलते हर साल करोडों रुपए मजदूरी का भुगतान न करके चीनी मिल अपनी मनमानी कर रहा है। जिसको लेकर कई बिंदुओं पर उपश्रमायुक्त देवीपाटन मंडल से मांग रखी गई है।

