पहली बार प्रधान चुने गए दुर्गेश प्रताप सिंह ‘अंकुर सिंह’ ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरे उतरे
मुश्ताक अहमद
गोंडा।संकल्प का कोई शानीं नहीं और न ही कोई विकल्प।मन में ठान निकल पड़िए। मंजिल मिल कर ही रहेगी। कुछ ऐसा ही काम गोंडा जिले के वजीरगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत ढ़ोढ़िया पारा के ग्राम प्रधान दुर्गेश प्रताप सिंह ‘अंकुर सिंह’ कर रहे हैं। अंकुर सिंह छात्र जीवन से ही ग्राम पंचायत में कुछ अलग करना चाहते थे। इनसे गांव की समस्याएं नहीं देखी गई तब वह पंचायत चुनाव में कूद पड़े। पहली बार 2021 में प्रधान चुने गए। वह ग्रामीणों के विश्वास, अपेक्षाओं पर खरे उतरे। अमृत सरोवर निर्मित करा जल संरक्षण की ओर कदम बढ़ाया। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाने के काम में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पंचायत अब पानीदार बनने जा रही है। सूख चुके कुंओं में पानी है। भूगर्भ जलस्तर बढ़ने से हैंडपंपों को जीवन मिला है।

चार साल पहले ब्लाक में सबसे कम उम्र के युवा प्रधान पंचायत की बागडोर संभालने के बाद सरकार के साथ ग्रामीणों के सहयोग से ब्लाक में माडल बनाने का काम कर रहे हैं। आसपास की पंचायतें भी प्रेरणा ले रही हैं। पंचायत के प्राथमिक विद्यालय के मुहाने पर अमृत सरोवर जल ही जीवन का संदेश दे रहा है। प्रधान दुर्गेश प्रताप सिंह ‘अंकुर सिंह’ ने सचिव नरेंद्र बहादुर सिंह के साथ मिलकर अपनी सोच से हालात बदले और ब्लाक में मांडल बनकर दूसरों को प्रेरणा दी। पंचायत में कभी पानी भरने के लिए कुंओ-हैंडपंपों में लाइन लगती थी। निर्माणाधीन टंकी बनवा कर आधे गांव का पेयजल संकट दूर कराया। अब जल जीवन मिशन के तहत बाकी बचे घरों तक नल से जल की कवायद अंतिम चरण में है।भूगर्भ जलस्तर धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। ग्रामीणों में भी अपने स्तर से छोटे-मोटे प्रयास की ललक जगी है।

सफाई में भी ग्राम पंचायत संतोष जनक है। जो गलियां कच्ची थीं, उन पर खड़ंजा लगा है। सामुदायिक शौचालय व खेल का मैदान है। इसमें युवाओं की प्रतिभाएं निखर रहीं हैं। उन्हें खेलने के लिए अलग नहीं जाना पड़ रहा है। सचिवालय में ही जन्म-मृत्यु, आय व निवास प्रमाण पत्रों के साथ केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन में समस्याएं नहीं हैं। आयुष्मान कार्ड भी यहीं बनवाएं गये। 5 स्वयं सहायता समूह में से 50 से अधिक महिलाएं समृद्धि की ओर बढ़ रही हैं। अचार व बकरी पालन से जुड़े काम उन्हें तरक्की की ओर खींचे ले जा रहे हैं।
बीकाम तक शिक्षा हासिल करने वाले प्रधान दुर्गेश प्रताप सिंह ‘अंकुर सिंह’ प्रधान बनने के बाद गांव के विकास पर पूरा फोकस हर रोज रहता है। एडीओ पंचायत कहते हैं, प्रधान के कार्यों से बदलाव व विकास की बयार बही है। प्रदीप सिंह खंड विकास अधिकारी ने बताया कि ब्लाक की दूसरी ग्राम पंचायतों में प्रधानों व सचिवों को अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

प्रोफाइल
ग्राम पंचायत – ढ़ोढ़िया पारा
प्रधान – दुर्गेश प्रताप सिंह ‘अंकुर सिंह’
शिक्षा -बीकाम
ग्राम पंचायत की आबादी- 6 हजार
कुल मतदाता- 2500
वार्डों की संख्या -15
राशनकार्ड धारक – 600
“ग्राम पंचायत के हर घर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सोच के तहत काम कर रहे हैं। सड़क, बिजली व पानी के बाद अब कौशल विकास, बेरोजगारी दूर करने की दिशा में और स्वयं सहायता समूह बनाने व आय बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे”।
दुर्गेश प्रताप सिंह ‘अंकुर सिंह’, प्रधान ढ़ोढ़िया पारा ग्राम पंचायत

