सतपाल सिंह सचदेवा
नवाबगंज,गोंडा।केन्द्र व प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने व उन्हें न्याय दिलाने के दावे को देखना चाहते हो, तो आइए नवाबगंज।
नवाबगंज रेलवे स्टेशन के सामने हड्डी पुरवा गांव के मुहाने पर खुले आसमान तले दर्जनों ऐसे परिवार रह रहे हैं। जिनके सिर पर छत तो दूर,फटे बोरों और पन्नियों के टुकड़े भी नसीब में नही हैं।

जी हां,ये वो बदनसीब अति गरीब एवं वंचित परिवार हैं। जिन्हें सपेरा कहा जाता है। ये मूलतः उतरौला के राज जोत गांव के भूमि हीन सपेरा समुदाय के लगभग दर्जनों परिवार वर्षों से जीवकोपार्जन के लिए कस्बा नवाबगंज और आसपास के गांवों के किनारे खाली पड़ी जमीनों पर अपना अस्थाई आशियाना बनाकर जीवन व्यतीत कर रहे हैं। फटी पन्नियों और बोरों को डंडों से फंसा कर गृहस्थी का सामान संजो कर स्वयं व अपने नन्हे- मुन्ने बच्चों और परिवार के साथ खुले आसमान की छत पर बसेरा करने पर मजबूर हैं। ठंढी, गर्मी,बरसात व आंधी-तूफान इन परिवारों के लिए अभिशाप बन कर डसते रहते हैं। संपेरा कुनबे के मुखिया 72 वर्षीय बुजुर्ग विजय नाथ सपेरे ने भरी आंखों से अपनी अभावग्रस्त व दुःख भरी जीवन यात्रा के बारे में बताया। विजय नाथ के अनुसार आजादी के बाद से अब तक विभिन्न सरकारों एवं नौकरशाहों ने अति गरीब और नारकीय जीवन जी रहे संपेरा समुदाय को सरकारी योजनाओं से वंचित रखा गया है। बकौल विजय नाथ ने बताया कि पुश्तैनी गांव में खेती लायक जमीन एवं पक्के मकान के अभाव में जीवकोपार्जन के लिए जहरीले सांपों को पकड़ने और उनके दर्शन से होने वाली आमदनी से दो जून की रोटी जुटाने में ही पूरी जिंदगी होम हो जाती है। पुश्तैनी गांव से लेकर यहां भी सरकारी योजनाओं से वंचित व समाज के अन्य वर्गों द्वारा नकारे जाने के कारण हमारा और हमारे परिवारों का वर्तमान एवं भविष्य अंधकारमय है।

खुले आसमान के नीचे अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ सांप निकलने की सूचना का इंतजार कर रहे 35 वर्षीय श्याम नाथ उर्फ राजू सपेरे ने बताया कि कई वर्षों से यहां ठहरें हैं। बारिश अधिक न होने से सांप बिलों से बाहर नही निकल रहे हैं। जिसके कारण उनको पकड़कर मिलने वाले पैसों के अभाव में खाने-पीने के लाले पड़े हुए हैं। उधर खाली पड़ी जमीन के कोने पर राजू का ममेरा भाई 25 वर्षीय अजूबा नाथ अपनी नई नवेली दुल्हन नन्हिया देवी के साथ वर्तमान की परेशानियों से मुक्ति पाने के लिए भविष्य के सपने बुन रहा था। अजूबा नाथ ने बताया कि छः महीने पहले हमारी शादी हुई है। सावन माह में पड़ने वाले त्योहारों में श्रद्धालुओं को नाग देवता के दर्शन करा कर व सांपो को पकड़ कर साल भर की कमाई होने की उम्मीद होती है। मौजूदा समय में बारिश कम होने से भविष्य में होने वाली आमदनी भी कम हो गई है। जिसके कारण गृहस्थी चलाना दुष्वार हो गया है। सपेरों ने बताया कि यहां के कुछ संंपेरे प्रातः काल ही क्षेत्र में सांपों को पकड़ने व गांव-गांव नाग देवता के दर्शन कराने के लिए निकले हुए थे। वहां रहने वाले परिवारों ने दुखी होकर बताया कि अचानक बारिश होने पर गांव के पक्के मकानों के बरामदे में बच्चों पत्नी सहित शरण लेकर भीगने से बचने की कवायद करनी पड़ती हैं। मात्र दो जून की रोटी जुटाने के लिए अपनी जान को जोखिम में डालकर ये फटेहाल अभावग्रस्त संपेरे परिवार न केवल जहरीले जानवरों से लोगों की जान बचाते हैं,बल्कि भगवान भोलेनाथ के गले में सुशोभित नाग देवता के दर्शन करा कर पुण्य व लाभ भी दिलाते हैं। ऐसे जीवन दाता सपेरे समुदाय की इस दयनीय दुर्दशा के लिए क्या हमारा समाज भी जिम्मेदार नही है।

समाज के आखिरी पायदान तक विभिन्न योजनाओं का लाभ देने और शत् प्रतिशत क्रियान्वयन का दावा करने वाले हमारे जनप्रतिनिधि,सरकारें और नौकरशाह क्या जिम्मेदार नही। संपेरा समुदाय को खेती लायक भूमि,पक्के मकान, शौचालय,पेयजल, उज्ज्वला एवं स्वास्थ्य सहित उन तमाम योजनाओं के लाभ से क्यों वंचित रखा जा रहा है। समाज सेवी मोहम्मद इसहाक रैनी ‘एडवोकेट’ ने खानाबदोश जीवन जीने वाले संपेरा समुदाय की चिंता करते हुए कहा कि इनके बच्चों को शिक्षित करना और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ देने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। इसका प्रयास हम सब को मिलकर करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारे ही देश के नागरिक सपेरा समुदाय को भी आत्मसम्मान से जीने का अधिकार मिलना चाहिए। उनके बच्चों को भी अच्छी शिक्षा प्रदान करनी चाहिए। उनके चहुंमुखी विकास के प्रति उदासीनता अक्षम्य अपराध है।

