गोण्डा।चार दिन पहले से गायब बीए के छात्र का गांव से पांच सौ मीटर दूर एक गन्ने के खेत में मिला शव। पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से खोले राज। प्रेमिका से मिलने गया था छात्र। पुलिस ने प्रेमिका के घर वालों को हिरासत मे लेकर पुछ-ताछ कर रही है।
मामला छपिया थाने की ग्राम पंचायत हथिनीखास के भोपतपुर निवासी छात्र संदीप कनौजिया (21) पुत्र राम बहोर कनौजिया बीते शनिवार की रात लगभग बारह बजे एका एक घर से गायब हो गया था। रात्रि घर वापस न आने पर परिजन काफी परेशान हो गये। रविवार सुबह इधर-उधर पास पड़ोस मे पता लगाया लेकिन उसका कुछ पता न चल सका। परिजन थक हार कर छपिया पुलिस को संदीप के गायब होने की सूचना दी। पुलिस ने मंगलवार को गुमसुदगी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की। गायब छात्र संदीप के मोबाइल की काल डिटेल निकाली गई तो एक युवती के नम्बर से बात होने की पुष्टि हुई। बुधवार को युवती के परिजनो को पुलिस ने हिरासत मे लेकर पुछ-ताछ शुरू की तो युवक के गायब होने का राज पूरा सामने आ गया। हिरासत में लिए गये लोगों के बताये स्थान ग्राम पंचायत तेजपुर के पुरवा शोखा जोत के गन्ने के खेत से रात्रि लगभग आठ बजे गायब युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। शव से काफी दुर्गन्ध आ रही थी। परिजनो ने बताया कि संदीप बीए प्रथम वर्ष का मां गायत्री राम सुख पाण्डेय महाविद्यालय का छात्र था।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि लापता छात्र का शव गन्ने के खेत से बरामद किया गया है। शव को कब्जे मे लेकर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। वहीं कुछ लोगो को हिरासत मे लेकर पुछ-ताछ जारी है।

