कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत एक बैंक में खाताधारकों के साथ सोलर पैनल देने के नाम पर खातों से अवैध तरीके से लेन-देन कर धोखाधड़ी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। सैकड़ो ग्रामीणों ने बैंक पहुंचकर आक्रोश जताते हुए शाखा प्रबंधक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रकरण कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक शाखा पिपरी का है। यहां सोलर पैनल देने के नाम पर ग्रामीणों का बैंक में खाता खुलवाया गया। और खाता धारकों के बिना सूचना के उनके खाते से लाखों रुपयों का लेनदेन हुआ। खाताधारक महिलाओं ने पंजाब नेशनल बैंक कर्नलगंज में पहुंची और हंगामा काटा और नारेबाजी की। महिलाओं ने मांग की है कि फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। महिलाओं ने बैंक कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ मुकदमा लिखकर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आगे और भी उग्र प्रदर्शन करेंगी। महिलाओं के साथ तमाम ग्रामीणों ने बैंक पहुंचकर आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संवंध में पंजाब नेशनल बैंक मैनेजर ने कहा कि कई खातों की शिकायत हुई है। और खाते की जांच कराई जा रही है। इस प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध सख्त से कार्रवाई की जायेगी।

