परसपुर,गोण्डा।स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी इंटरमीडिएट की छात्रा ने घर से कालेज जाते समय रास्ते में नहर पुलिया के पास दो शोहदों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।छात्रा की मां की उलाहना से नाराज़ शोहदों ने उसके घर में घुसकर परिजनों से मारपीट की और छात्राओं को उठा ले जाने की धमकी दी।इससे तंग छात्रा ने कालेज जाना भी बंद कर दिया है।स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर छात्रा ने जिले के उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को दिए गये शिकायती प्रार्थना पत्र में लिखा है कि वह बीते सात अगस्त को कालेज से घर वापस आ रही थी।रास्ते में दो युवकों ने नहर के पास जबरन रोक कर उसके साथ बदसलूकी की।यह बात उसने घर जाकर अपने मां से बताई।मां के उलाहना से नाराज युवकों ने उसके घर में घुसकर परिजनों से मारपीट की। छात्रा ने बताया कि उसकी छोटी बहन आठवीं की छात्रा है,पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर नौकरी करते हैं। बताया कि घटना की तहरीर उसने स्थानीय थाने पर दी लेकिन कार्रवाई न होने से शोहदों के डर से दोनों बहनों ने कालेज जाना बंद कर दिया है। पीड़ित छात्रा ने बताया कि इसकी जानकारी शोहदों को हुई तो वह छात्रा को जबरन उठा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने की धमकी देने लगे। जिससे घबराकर वह पढ़ाई छोड़कर घर बैठ गई। छात्रा ने बताया कि इन शोहदों के कारण क्षेत्र अधिकांश लड़कियों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। पीड़ित छात्रा ने जिले के उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

