कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छुट्टा जानवरों से फ़सल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों तरफ लगे कटीले तार में विद्युत करंट लगा रखा था। जिसकी चपेट में आकर एक सोलह वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

घटना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र का है। यहां के ग्राम खजुरिया के मन्नी पुरवा में सोमवार को उस समय कोहराम मच गया। जब एक खेत में लगाए गए कटीले तार में दौड़ाए गए विद्युत करंट की चपेट में आने से सोलह वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मामले में पीड़ित पिता गल्लर पुत्र ठाकुर ने कोतवाली में तहरीर दी है। दिए गए तहरीर में लिखा है कि उसका पुत्र मुकेश सोमवार की सुबह करीब दस बजे जानवर चराने गया था जहां गांव के ही अन्नू, सुशील,गिरीश व सन्ता पुत्रगण जगदम्बा अपने खेत में लगाए गए कंटीले तार में करेंट दौड़ाए थे। जिसकी चपेट में आने से उसके सोलह वर्षीय लड़के मुकेश की दर्दनाक मौत हो गई। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्यवाही की मांग की है। इस दर्दनाक हादसे में किशोर की हुई मौत से परिजनों में ही नहीं पूरे गांव में मातम छा गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नरायन सिंह ने बताया की मृतक के परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

