कर्नलगंज,गोण्डा।नगर पालिका करनैलगंज में संपत्तियों पर विवाद की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कारण कहीं नजूल भूमि का फर्जी बैनामा तो कहीं सरकारी की संपत्तियों पर अवैध तरीके से कब्जा किया जा रहा है।इसको लेकर प्रशासन भले ही कार्रवाई कर रहा हो,बावजूद इसके कुछ ऐसे फर्जी कथित ठेकेदार हैं जो जानबूझकर विवादित संपत्तियों का ठेका लेकर उस पर अवैध तरीके से कब्जा व निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं।

कर्नलगंज नगर में कथित ठेकेदारी का काम शुरू करने वाले दो अराजक तत्व नीरज गुप्ता व निक्की गुप्ता पुत्रगण गोलू गुप्ता निवासी मोहल्ला गुड़ाही बाजार कस्बा कर्नलगंज, जिनके खिलाफ करनैलगंज क्षेत्र के नारायणपुर मांझा के सूर्यवंशम पुरवा निवासी अभिनव प्रताप सिंह ने प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी है। दिए गए तहरीर में आरोप लगाया है कि दोनों व्यक्ति कथित ठेकेदार व आपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं। इसके पूर्व इनके ऊपर कई आपराधिक मामले कोतवाली में दर्ज हैं। इनके द्वारा क्षेत्र की विवादित संपत्तियों का धड़ल्ले से ठेका लिया जा रहा है। और उस पर दबंगई व गुंडई करते हुए अवैध तरीके से निर्माण कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है। भले ही उक्त भूमि को लेकर उच्च अधिकारियों ने स्थगन आदेश पारित किया हो,लेकिन उसे दरकिनार कर कथित ठेकेदारों द्वारा बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। शिकायतकर्ता अभिनव प्रताप सिंह ने बताया कि सदर बाजार मोहल्ले में स्थित गाटा संख्या 665 जो उनके रजिस्टर्ड एग्रीमेंट की भूमि है। जिसका विवाद वर्तमान में उप जिलाधिकारी न्यायालय में विचाराधीन है। जानकारी होने के बाद दोनों अराजक तत्वों द्वारा उक्त भूमि पर अवैध तरीके से निर्माण कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। यही नहीं शिकायती पत्र में यह भी लिखा है कि वर्तमान में उक्त लोगों द्वारा नगर की कई विवादित संपत्तियों का ठेका लेकर उस पर बिना नक्शा पास कराए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसको लेकर उन्होंने दोनों अपराधिक ठेकेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उक्त प्रकरण को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया है।

