शरीफ अंसारी
लखीमपुर।खीरी से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई,जिससे मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब पन्द्रह लोग घायल हो गए। घायलों में से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ट्रॉली में लगभग पचास लोग सवार थे, जो बहराइच जनपद के सुजौली थाना क्षेत्र स्थित कारीकोट मंदिर में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सभी मृतक और घायल शारदानगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। यह हादसा पढुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढखेरवा में बोझिया पम्प और गढ़ बाबा के बीच हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,वहीं पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

