कर्नलगंज,गोण्डा।कर्नलगंज बाजार का मोहल्ला भैरवनाथ निवासी तीन युवकों की रविवार को मायानगू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुंबई पुलिस के अनुसार गैस रिसाव के चलते तीनों युवकों की दम घुटने से मौत हुई है। वहीं मृतक के मुहल्ले में तरह तरह की चर्चाएं हो रही है परिवार के लोगों ने अपने लख्तेजिगर की हत्या की आशंका जाहिर की है। तीनों युवकों की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम बरपा है। तीनों मृतकों के परिजन शव लेने के लिए मुंबई गए हैं।
कर्नलगंज कस्बे के मोहल्ला भैरवनाथ पुरवा के रहने वाले सफी अहमद उर्फ छोटकऊ (32), आजम (30), सईद अली (35) मुंबई के वसई इलाके में फल बेचने का कारोबार करते थे और तीनों लोग वसई पश्चिम स्थित मानिकनगर नगर इलाके के नौपाड़ा मोहल्ले में स्थित किराये के कमरे में रहते थे। शनिवार की रात में खाना खाने के बाद तीनों लोग सो गये । रविवार को कमरे से गैस की गंध आने लगी और अंदर से कोई हरकत नहीं दिखी तो बगल वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला गया तो तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। एक का शव किचन में तो दो युवकों का शव हॉल में पड़ा था। पुलिस का कहना है कि तीनों युवकों की मौत गैस रिसाव के चलते हुई है।
कोतवाल करनैलगंज हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि मुहल्ला भैरवनाथ पुरवा निवासी तीनों युवकों की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिवार में कोहराम मचा है।

