मुश्ताक अहमद
गोंडा।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के ड्राफ्ट का बीते मंगलवार को प्रकाशन किया गया। जिले की 1192 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची से 2.62 लाख नाम काटे गए हैं। वहीं, 4.23 लाख मतदाताओं का नाम जोड़ा गया है।
45 हजार 431 मतदाताओं के नाम व पते में सुधार किया गया है। इस बार 27.55 लाख मतदाता पंचायत चुनाव में प्रतिनिधि चुनेंगे। दावा/आपत्ति बुधवार से दाखिल कर सकते हैं।उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जन सामान्य के अवलोकन के लिए मतदाता सूची बीएलओ, ब्लाक, तहसील व विकास भवन स्थित चुनाव कार्यालय में उपलब्ध कराई गई है।
दावा/आपत्ति 24 से 30 दिसंबर तक दाखिल की जा सकती है। एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण ने बताया कि वर्ष 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले की 1214 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं की संख्या 25 लाख 94 हजार 295 थी। इस बार यह संख्या 27 लाख 55 हजार 655 हो गई। जिले में 1192 ग्राम पंचायत व 16 विकासखंड का जिला है।
झंझरी ब्लाक में सबसे ज्यादा में कटे व बढ़े मतदाता
विभागीय सूत्र के अनुसार सबसे ज्यादा मतदाता झंझरी ब्लाक में कटे व बढ़े हैं। यहां 34 हजार 909 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं जबकि, 30 हजार 949 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। सबसे कम 11 हजार 226 मतदाता कटराबाजार में कटे हैं। वहीं, सबसे कम 16 हजार 13 मतदाता पंड़रीकृपाल में बढ़े हैं।
ब्लॉकवार मतदाताओं की नई संख्या
विकासखंडसंख्याहलधरमऊ 158132 परसपुर 220472 नवाबगंज 157935 मनकापुर 199660 बेलसर 163082 कटराबाजार 172551 पंड़रीकृपाल 104761 छपिया 174538 झंझरी 223094 मुजेहना 156468 तरबगंज 143553 इटियाथोक 171144 कर्नलगंज 145325 वजीरगंज 165951 बभनजोत 190958 रुपईडीह 208031
योग 2755655
जिले से वार्डवार मांगी गई जानकारी
पंचायतीराज विभाग ने भी चुनाव को लेकर तैयारी तेज कर दी है। ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यकाल की सूचना मांगने के बाद वार्डों की जानकारी मांगी गई है। विभागीय अधिकारी आंकड़ा जुटा रहे हैं।
वर्ष 2021 में जिले की 1214 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराया गया था। 25.94 लाख मतदाताओं ने सदस्य ग्राम पंचायत, बीडीसी, सदस्य जिला पंचायत व ग्राम प्रधान का चुनाव किया था।
मई व जून में ग्राम पंचायतों की पहली बैठक आहूत की गई थी। क्षेत्र पंचायत झंझरी, पंड़रीकृपाल, रुपईडीह, इटियाथोक, कर्नलगंज, परसपुर, कटराबाजार, हलधरमऊ, तरबगंज, बेलसर, नवाबगंज व वजीरगंज, मनकापुर, छपिया व बभनजोत में ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव व प्रथम बैठक जुलाई में बुलाई गई थी।

