हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय के पर्यवेक्षण में रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र में बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रस्तुत पाँच पारिवारिक विवादों का आपसी समझौते के आधार पर सफल निस्तारण कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाना पचपेड़वा क्षेत्र के मैराजुननिशा और सलीम के बीच चल रहे विवाद में पति-पत्नी ने एक-दूसरे को गिले-शिकवे भूलकर साथ रहने का निर्णय लिया। इसी थाने क्षेत्र का एक और मामला था, जिसमें सलीम और मैसर जहां के बीच मतभेद था, जिसे परामर्श केंद्र की मध्यस्थता से सुलझा लिया गया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के दो प्रकरणों में भी समझौता हुआ। इनमें पूर्णिमा द्विवेदी और आनंद तिवारी के बीच लंबे समय से चल रहा मनमुटाव खत्म हो गया, जबकि चांदनी सोनकर और दीपक पांडेय ने भी आपसी बातचीत कर रिश्ते को नया आयाम देने का फैसला किया। वहीं थाना गौरा चौराहा क्षेत्र से आए मामले में पवन और ममता ने विवाद को समाप्त कर साथ रहने की सहमति जताई।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने पति-पत्नी और परिजनों को समझाते हुए कहा कि वे आपसी सहयोग और विश्वास बनाए रखें तथा अपने बड़ों का सम्मान करते हुए जीवन की नई शुरुआत करें। निस्तारण की प्रक्रिया में परामर्शदाता अरुण कुमार यादव, तनवीर जहां, देवतादीन दूबे, महिला थाना प्रभारी पूनम यादव और महिला कांस्टेबल मनीषा का विशेष योगदान रहा।

