बलरामपुर।सीमावर्ती क्षेत्र जरवा के भगवती आदर्श जनजातीय विद्यालय बालापुर में भाजपा द्वारा गांव चलो अभियान के तहत मंडल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे
विधानसभा गैंसड़ी प्रभारी अजय कुमार सिंह पिंकू ने भाजपा कार्यकर्ताओं व मौजूद लोगों को भाजपा सरकार की उपलब्धियां व योजनाओं को बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब घर से थे। चूल्हे से निकले धुआं की परेशानियों को जानते थे इसलिए उज्ज्वला योजना, गरीब लोगों के बैंक खाते नहीं होते थे जिनके लिए शून्य बैलेंस पर प्रधानमंत्री जन धन योजना से बैंक में खाते खुलवाए, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली नहीं थी जहां सौभाग्य योजना के तहत नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिए, गरीबों के पक्के मकान नहीं थे जिन्हें प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास से जोड़ा गया। जरवा क्षेत्र पहाड़ी होने के कारण क्षेत्र को शुद्ध जल नहीं मिल पा रहा था हर घर नल से जल योजना से गांव में पानी टंकियां बन रही है और सभी को शुद्ध जल उपलब्ध हो रहा है, 12 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि से इज्जत घर निर्माण जैसी सैकड़ो जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही है।
4 से 11 फरवरी तक प्रत्येक वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता क्षेत्र में 24 घंटे तक रात्रि प्रवास करेंगे। गांव के बूथ अध्यक्षों के साथ घर घर जाकर लोगों को भाजपा से जोड़ेंगे।
बालापुर मंडल अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने मौजूद सभी कार्यकर्ताओं को बताया कि अंतिम मतदाता सूची 11 फरवरी के बाद जारी होगी तब तक हम सभी कार्यकर्ताओं को एक भी घर नहीं छोड़ना है। क्षेत्र में खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साह वर्धन करना है, शहीद परिवारों से मिलना है, विपक्षी दल के नेताओं से भी मिलकर उनका हाल जानना है, एनजीओ के कर्मियों से मिलकर भाजपा सरकार की उपलब्धियां बतानी है। तथा सभी कार्यकर्ता अपने करीबियों को नमों एप और सरल ऐप डाउनलोड करवाएं।
भाजपा कार्यकर्ता इंद्रजीत साहू ने दो मार्च को सभी क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं को अयोध्या राम मंदिर दर्शन हेतु आमंत्रित किया।
कार्यशाला में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता लक्ष्मण लाल श्रीवास्तव, रामदीन वर्मा, चित्रकूट वर्मा, राजेश मिश्रा, इंद्रजीत साहू, घनश्याम, सत्यनारायण गिरी, सत्यम सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्षा शारदा देवी, प्रभावती, रीना देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

