गुलाम जीलानी बेग
सादुल्लाहनगर,बलरामपुर।सादुल्लाहनगर क्षेत्र में मिलावटखोरी की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को सादुल्लाह नगर बाजार में औचक छापेमारी की। यह कार्रवाई मिलावट रोकथाम अभियान के तहत की गई, जिसमें कल्लू मिष्ठान भंडार समेत कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए गए।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मिठाई,सूजी,बर्फी,चीनी बर्फी,सूजी पेड़ा,खोया,स्किल्स पाउडर सहित कई संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। इसी क्रम में सादुल्लाह नगर स्थित वर्मा डेयरी से छेना, तथा ग्राम विशम्भरपुर स्थित अहान डेयरी से मिठाई के नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए।
इस छापेमारी का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी जे.के. दुबे, एस.डी. तिवारी,चंद्रभानू और श्रीराम मौर्या की टीम ने किया। अधिकारियों ने बताया कि संदेहास्पद खाद्य सामग्रियों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी की खबर से सादुल्लानगर बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों से संदिग्ध सामग्री हटाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने सघन निगरानी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया।
टीम ने व्यापारियों से अपील की है कि वे मानक और शुद्ध खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें,अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करने को तैयार रहें। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

