नवाबगंज,गोंडा।पति के साथ किराए के मकान में रह रही महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल से शव को कब्जे मे कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। प्राप्त विवरण के अनुसार जैतपुर माझा गांव के रहने वाले मृतका के भाई शनि कुमार पुत्र मेवालाल ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व उसकी बहन सीतापति उम्र करीब 35 वर्ष ने उसकी बड़ी बहन के चचेरे देवर हंसराम निवासी गांव वसंतपुर थाना कर्नलगंज से प्रेम विवाह किया था।
बीते 6 माह से पति-पत्नी और बच्चे नवाबगंज कस्बे के पोख्ता दरवाजा मोहल्ले में सहदेव के मकान में किराये पर रह कर मजदूरी करते थे। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे उसे सूचना मिली कि उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली है। जब वह मौके पर पंहुचा तो कमरे का दरवाजा जमीन पर पड़ा था और कमरे के बीचोंबीच रखी पानी की खाली प्लास्टिक टंकी पर उसकी बहन सीतापति की लाश घुटनों के बल आधी बैठी अवस्था में छत के कुंडे से लगे दुप्पट्टे से बनाये गये फांसी के फंदे से लटक रही थी। विवाहित की फांसी के फंदे से लटकती लाश की सूचना मिलते ही मौके पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटनास्थल पर पहुंचकर कस्बा चौकी इंचार्ज उमेश सिंह ने शव को फांसी के फंदे से उतरवाया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारवाई की जायेगी। मृतका की मौत के बाद मौके से उसका पति हंसराम गायब है। वहीं मृतका के एक पुत्री सगुन (11) और एक पुत्र सुग्गू (8) हैं। कस्बे मे महिला का आत्महत्या करना और पति का फरार हो जाना क्षेत्र मे चर्चा का विषय बना हुआ है।

