गोंडा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए मेडिकल कॉलेज सभागार में विधान से समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने कहा कि चाहे घरेलू महिलाएं हों या कामकाजी सभी को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी महिला को किसी भी प्रकार की विधिक जानकारी या विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो वो आनलाइन या आफलाइन किसी भी माध्यम से विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं का लाभ ले सकती है। कार्यक्रम को डा. एम डबल्यू खान, वन स्टाप सेंटर प्रभारी चेतना सिंह, महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा सिंह व विधिक सेवा प्राधिकरण के असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रभात श्रीवास्तव, दीपशिखा व अंकित वर्मा सहित एएनएम, स्टाफ नर्स एवं अन्य महिलाएं मौजूद थीं

