गोंडा।जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डेहरास में महेश कुमार जायसवाल (40) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में डेहरास नहर में मिला है। लाश मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक महेश कुमार पुत्र स्वर्गीय जगेसर के एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
होली के दिन वह नशे की हालत में था।आसपास के लोगों ने परिजनों को बताया कि वो नशे की हालत में लड़खड़ाकर डेहरास गांव और सीबीएन रोड रगड़गंज-परसपुर के बीच स्थित नहर में गिर गया। बताया जा रहा है कि उस समय नहर में पानी करीब दो फुट था, जिसमें गिरने के बाद वह बाहर नहीं निकल सका। सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने शव देखा, जिससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

