मुश्ताक अहमद
गोंडा।घर से निकले बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे बाप-बेटे की शुक्रवार की देर रात एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी। हादसा गोंडा-अयोध्या हाइवे पर वजीरगंज थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। मृतक युवक की दो मार्च को शादी हुई थी।
हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर निवासी राजेंद्र जायसवाल (55) बेटा सूर्य प्रकाश उर्फ दीपू की दो मार्च को शादी हुई थी। शादी के बाद दीपू वजीरगंज थाना क्षेत्र के मझारा गांव में अपने मामा के घर शादी का भात खाने के लिए जा रहा था। साथ में पिता राजेंद्र जायसवाल भी थे। देर रात दोनों बाइक से जा ही रहे थे, कि
गोंडा-अयोध्या हाइवे पर सहिबापुर गांव के हथिनाग मोड़ पर अयोध्या की ओर आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। इस भीषण हादसे में बाप -बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उनकी पहचान के बाद मृतक के मामा दीपक जायसवाल को हादसे की जानकारी दी।
हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। शादी की खुशियां मातम में बदल गयी है। परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में लिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भतीजे ने दर्ज कराई रिपोर्ट
कोतवाली कर्नलगंज के बालपुर निवासी सन्तोष जायसवाल ने थाने पर तहरीर दी है। दिए गए शिकायती पत्र में लिखा है कि 7 मार्च को उसके चाचा राजेन्द्र जायसवाल(55) अपने पुत्र सूर्य प्रकाश जायसवाल उर्फ दीपू(32) के साथ बाइक से अपनी ससुराल मंझारा जा रहे थे। वे जब सायं लगभग साढ़े सात बजे वजीरगंज के सहिबापुर हथिनाग पहुंचे ही थे कि अयोध्या की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिनको उपचार के लिए एम्बुलेंस से जनपद चिकित्सालय गोंडा ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात चालक डीसीएम मौके पर छोड़ कर भाग गया है। नम्बर के आधार पर अज्ञात डीसीएम चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

