नवाबगंज,गोंडा।पुलिस का ब्लॉक कर्मियों से अभद्र व्यवहार का मामला दूसरे दिन भी शांत नहीं हुआ। इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ब्लाक के कर्मचारियों ने शुक्रवार को दोपहर बाद अपने हाथों में काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कामकाज आम दिनों की तरह चला लेकिन सांकेतिक विरोध जारी रहा।
कर्मचारियों ने इंस्पेक्टर निर्भय नारायण सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग की है।बुधवार की रात में इंस्पेक्टर के द्वारा एडीओ पंचायत के मोबाइल पर फोन कर अपशब्द बोलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को ब्लाक परिसर में कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन देकर इंस्पेक्टर को निलंबित किए जाने की मांग की थी। शाम को एडीशनल एसपी राधेश्याम राय ने भी ब्लाक पर पहुंच कर मामले की जांच कराए जाने की बात कही। कर्मचारियों ने कहा कि अगर इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो सभी कर्मचारी शनिवार को ब्लाक परिसर में फिर से धरना प्रदर्शन करने विवश होगें।

