गोंडा।जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रांगी व महरमपुर के सैकड़ों किसानों ने शनिवार को तरबगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच कर लेखपाल नीतीश के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।किसानों ने आरोप लगाते हुए बताया कि वर्ष 2024 में आई बाढ़ के दौरान उनकी फसलें नष्ट हो गई थी।शासन ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की घोषणा की थी,जिसके लिए हलका लेखपाल नीतीश कुमार ने किसानों से खतौनी व बैंक पासबुक लिए थे।
किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि खतौनी फीडिंग के नाम पर लेखपाल ने उनसे पैसे की उगाही की है। और मुआवजा दिलाने के नाम पर भी पैसे की मांग की गई जिन किसानों ने मन माफिक पैसा दिया उनके खाते में पच्चीस से पचास हजार रुपए तक भेज दिए गए। कुछ किसानों को दो हजार से चार हजार रुपए भी दिए गए। जिन किसानों ने सुविधा शुल्क नहीं दिया। उनके खाते में एक भी पैसे की मुआवजा राशि नहीं भेजी गई। किसानों ने बताया कि लेखपाल नीतीश कुमार से उन्होंने सहायता राशि न भेजने का कारण पूछा तो वे किसानों को धमकाने लगे और कहने लगे कि अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद के हम रिश्तेदार हैं, तुम लोग मेरा कुछ नहीं कर पाओगे मेरे विरुद्ध जहां शिकायत करनी है वहां करो मैं जवाब दे दूंगा। किसानों द्वारा दी गई शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच कराकर कार्रवाही का भरोसा दिया है।

