मनकापुर,गोण्डा।30 मई हिंदी पत्रकारिता दिवस पर अखिल भारतीय पत्रकार संघ मनकापुर द्वारा इन्द्रलोक पैलेस में एक भव्य सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश सिंह व प्रमुख समाजसेविका सरस्वती तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया।कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का स्वामी विवेकानंद स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अभिनंदन किया।कार्यक्रम का सफल संचालन आर के नारद ने किया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राकेश सिंह ने कहा कि आज के समय में पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां हैं,लेकिन इन सबके बीच अपनी विश्वसनीयता बनाए रखना ही एक सच्चे पत्रकार की पहचान है।पत्रकार देश और समाज के विकास की रीढ़ होता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि व गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया के प्रतिनिधि कमलेश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि सच्ची पत्रकारिता समाज का दर्पण होती है।लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और देश के विकास में रचनात्मक योगदान देना ही पत्रकारिता का मूल धर्म है।उन्होंने कहा कि जल्द ही सांसद जी से बात करके पत्रकारों के लिए एक प्रेस क्लब की व्यवस्था कराई जाएगी।
गौरवशाली है हिंदी पत्रकारिता का इतिहास
वहीं अखिल भारतीय पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष रईस अहमद ने अपने संबोधन में कहा “हिंदी पत्रकारिता का इतिहास गौरवशाली रहा है।आज के डिजिटल युग में भी हिंदी पत्रकारिता की साख और पहुंच लगातार बढ़ रही है।संगठन हमेशा पत्रकारों के हितों,उनकी सुरक्षा और गरिमा की रक्षा के लिए संकल्पित रहेगा।”
संगोष्ठी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथी नगर अध्यक्ष दुर्गेश सोनी ‘बबलू’,सभासद वैभव सिंह और अखंड प्रताप सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।सभी वक्ताओं ने उपस्थित जनसमूह को हिंदी पत्रकारिता दिवस की बधाई दी और समाज हित में निष्पक्ष लेखन पर विशेष जोर दिया।

अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर हुआ सम्मान
समारोह में आए हुए सभी अतिथियों का कार्यक्रम अध्यक्ष श्रवण कुमार व इमरान अहमद ने अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों और समाजसेवियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र,स्मृति चिन्ह (शील्ड) व कलम-डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।

आभार प्रदर्शन के साथ समापन
कार्यक्रम का सफल समापन अखिल भारतीय पत्रकार संघ के तहसील अध्यक्ष श्रवण कुमार, महामंत्री इमरान अहमद, कोषाध्यक्ष मुख्तार अली व मीडिया प्रभारी अतीक राईन के द्वारा किया गया। उन्होंने समारोह को भव्य और सफल बनाने के लिए आए हुए सभी अतिथियों,वरिष्ठ पत्रकारों,सहयोगियों और गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया।

इस दौरान जिताऊ राम मौर्य,राजीव कुमार उपाध्याय,रेहान रज़ा,अशोक कुमार पाल,नज़ीर अहमद,महफ़ूज़र्रहमान,राकेश सिंह,देवेंद्र कुमार सोनी,सरोज मौर्या,ज्योति वर्मा,रियाजुद्दीन,संतोष कुमार शुक्ला,कृष्ण मोहन चौबे,राकेश श्रीवास्तव,महबूब अहमद,रईस जादे,फ़ैज़ अहमद,इमरान अनवर, संजय प्रजापति एडवोकेट,गौरव यादव,एम डी सर,नज़ीर मोहम्मद,वाहिददुल्ला,विन्देश्वरी प्रसाद,लवकुश कुमार,विजय सिंह,विकास कुमार,शिव वरन यादव,ध्रुव कुमार मिश्रा,राम गोपाल चौहान,बीके ओझा व देवेंद्र कुमार सोनी,समाज सेवी जाहिद जादरान,अरबाज़ खान,मिसवहुल खान, रेहान खान,मोहम्मद सलमान,अयान खान व मोहम्मद शाहबाज़ सहित क्षेत्र के तमाम वरिष्ठ व युवा पत्रकार,प्रबुद्ध नागरिक,समाजसेवी और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस वैचारिक गोष्ठी और सम्मान समारोह की मुक्त कंठ से सराहना की।

