भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में चला बुलडोजर
पूरे क्षेत्र में फैला रहा तनाव,मची अफरातफरी
गोण्डा।कोतवाली देहात के खोरहंसा बाजार में उस समय अफरा तफरी का माहौल खड़ा हो गया। जब प्रशासन का बुलडोजर अवैध कब्जा जमाए लोगों के मकान-दुकान के सामने पहुंच गया। सरकारी भूमि पर काफी समय से चले आ रहे इस अवैध कब्जे पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर जमीदोंज कर दिया। प्रशासन की इस कार्यवाही को देख क्षेत्र में काफी तनाव रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा।
गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र के खोरहंसा कस्बे में भारी पुलिस फोर्स के बीच ग्रामसमाज की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा जमाए लोगों के मकान दुकान पर प्रशासन ने बुलडोजर की कार्यवाही कर उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। भूमि पर एक इस्लामिया मदरसा भी था। जिसको भी बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। क्षेत्र के फूलबाबू ने बताया कि यह पूरी भूमि डेढ़ बीघा की थी। जिस पर कई वर्षों से कब्जा था। उसका कहना है कि मामले को लेकर कोर्ट में अपील भी दायर कर रखी है। लेकिन फिर भी प्रशासन ने इसे गिरा दिया। आरोप है कि मामले को लेकर 12 लोगों को नोटिस आई थी। लेकिन प्रशासन ने महज कुछ लोगों के मकान दुकान ही गिराए है। वहीं प्रशासन का कहना है कि इस संबंध में कोर्ट से उन्हें बेदखली का आदेश मिला था। जिसको लेकर गुरुवार को एसडीएम सदर, सीओ सिटी, तहसीलदार व कोतवाली देहात की मौजूदगी में कोर्ट के आदेशों का पालन किया गया। उन्होंने बताया कि 12 लोगों का कब्जा था। जिसमें 8 लोगों के खिलाफ बेदखली का आदेश पारित हुआ है और अन्य की अपील दायर है।

