घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक और गुस्से का माहौल
यू.पी. लाइव टाइम – अतीक़ राईन
गोण्डा -जनपद के थाना खरगूपुर क्षेत्र के एक गांव में जमीन बेचने से मना करना एक महिला को भारी पड़ गया। पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर पत्नी की दिनदहाड़े हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

घटना थाना खरगूपुर क्षेत्र के भोला जोत मजरा भयक पुरवा की है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे 35 वर्षीय रीता देवी, पत्नी बाबूलाल यादव, अपने घर में भोजन बना रही थीं। इसी दौरान उसका पति बाबूलाल यादव बाहर से आया और पत्नी के नाम दर्ज जमीन को बेचने का दबाव बनाने लगा। रीता देवी के विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान नशे में धुत बाबूलाल यादव ने पत्नी को जबरन घर से बाहर खींच लिया और पास में रखी कुदाल से उसके सिर पर लगातार वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पति फरार हो गया। मृतका की बहन मीना देवी ने बताया कि बाबूलाल यादव लंबे समय से नशे का आदी था और नशे की लत के चलते जमीन बेचने को लेकर आए दिन विवाद करता रहता था। इसी कारण मृतका के पिता राम सेवक यादव ने करीब साढ़े पांच बीघा जमीन रीता देवी के नाम बैनामा कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी ने दबाव बनाकर पहले ही एक बीघा जमीन बिकवा दी थी और शेष जमीन बेचने के लिए लगातार पत्नी पर दबाव बना रहा था। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी मनोज रावत, सीओ सिटी आनंद कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने आसपास के गन्ने के खेतों में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मृतका के पिता राम सेवक यादव की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मृतका अपने पीछे दो बच्चों अंकित (17) और मोहिनी (9)—को छोड़ गई है। मां की निर्मम हत्या से दोनों बच्चों के सिर से हमेशा के लिए ममता का साया उठ गया। घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक और गुस्से का माहौल व्याप्त है।

